कश्मीर में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने सोमवार शाम मानो पूरा शहर उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने मौन जुलूस में शामिल होकर देश के वीर सपूतों को नमन किया। भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। शहर की जनता ने यह दिखा दिया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए हम सब एक हैं। मौन जुलूस शिवचौक से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते तुलसी पार्क पर संपन्न हुआ।
कश्मीर के उड़ी सेक्टर में सैनिकों पर हुए हमले से पूरा देश आहत है। जिले के लोगों में भी पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ भारी रोष है। हमले में शहीद हुए सैनिकों को डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी दीपक कुमार की अगुवाई में श्रद्धांजलि दी गई। शिवचौक से कैंडिल मार्च शुरू हुआ। कैंडिल मार्च के रूप में शुरू हुए मौन जुलूस में शहर के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी ने एक साथ भारत मां के सच्चे सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
शिवचौक पर मौन जुलूस का शुभारंभ करते हुए एसएसपी दीपक कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा। इस जिले के लोगों ने बता दिया कि कश्मीर के मुद्दे पर हम सब एक हैं। देश की एकता और अखंडता को हम आंच नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी धर्म-जाति के लोग यहां जुटे हैं, इसने यह साबित कर दिया है कि राष्ट्रप्रेम के मामले में यह जिला सबकुछ पीछे छोड़ देता है। मौन जुलूस भगत सिंह रोड, हनुमान चौक, फक्करशाह चौक, मीनाक्षी चौक होते हुए शिवचौक पर आकर तुलसी पार्क पर सम्पन्न हुआ।
नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मुफ्ति जुल्फिकार, जिला बार संघ के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, अनूप सिंह, राजेश्वर त्यागी, प्रेरणा मित्तल, सचिन सिंघल, आसिफ राही, असद जमा, सतपाल पाल, रणधीर सिंह, राजकुमार जैन, वीना शर्मा, जगदीश पांचाल, विकास बालियान, बसपा नेता राकेश शर्मा, जियाउर्रहमान, संजय मित्तल, कृष्ण गोपाल मित्तल, अशोक बालियान, असद फारुकी सहित सभी सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के लोग मौजूद रहे। दो मिनट का मौन धारण कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस और प्रशासन के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।