मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव खानुपुर में हुए अनुज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो नाबालिगों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का कारण एक नाबालिग लड़की को कथित रूप से ब्लैकमेल किया जाना था।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मृतक अनुज ने गांव दूधाहेड़ी निवासी अक्षय के मोबाइल से उसकी नाबालिग प्रेमिका के कुछ फोटो प्राप्त कर लिए थे। अनुज कथित रूप से इन तस्वीरों के आधार पर लड़की पर दबाव बना रहा था और बार-बार मिलने के लिए कह रहा था। इससे परेशान होकर अक्षय ने योजना बनाई और अपनी प्रेमिका से अनुज को एक सुनसान स्थान पर बुलवाया।
यह भी पढ़ें: UP: गुजरात ATS ने अलकायदा से जुड़े चार संदिग्ध किए गिरफ्तार, एक मेरठ का, देश विरोधी गतिविधियों का शक
जैसे ही अनुज वहां पहुंचा, पहले से मौजूद अक्षय, अमन, दीपक और दो नाबालिग साथियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुज का शव जंगल में मिला था।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले में शामिल सभी पांचों आरोपियों अक्षय, अमन, दीपक और दो बाल अपचारियों का चालान कर दिया गया है। किशोरी को लेकर पुलिस संबंधित बाल संरक्षण कानूनों के तहत कार्रवाई कर रही है।