मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने कहा कि बघरा में 20 नवंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की परिवर्तन संदेश रैली एतिहासिक होगी। किसानों में रैली को लेकर उत्साह का माहौल है।
सरकुलर रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में रालोद के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश के हर वर्ग को परेशानी, समस्या और उत्पीड़न के अलावा कुछ नहीं मिला है। रालोद की यह परिवर्तन रैली भाजपा के कुशासन और किसान एवं मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में है।
20 नवंबर को बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान में जयंत चौधरी की रैली में एतिहासिक भीड़ का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती से तैयारी में जुटा है और इसके लिए गांव-गांव में जनसंपर्क किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: मौत का खौफ: कैंसर ने छीनीं इतनी जिंदगियां, हर तरफ फैला डर... जान की दुश्मन बनी ये बड़ी वजह, सरकार से मदद की गुहार
पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता खुद खड़ी हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में सपा-रालोद गठबंधन की जीत होगी। उन्होंने कहा कि आज महंगाई और अन्य नीतियों के कारण जनता में भाजपा के प्रति भारी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें: यूपी: कैराना में गरजे सीएम योगी, बोले- किसी अपराधी ने दुस्साहस किया तो दूसरे लोक भेज देंगे
पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि जयंत सिंह की यह रैली भाजपा को नेस्तनाबूद करने का संकेत देगी। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक नूर सलीम राना, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व प्रमुख रंजनवीर सिंह, पराग चौधरी, वेदपाल ठेकेदार, ओंकार ठेकेदार, कृष्णपाल राठी, पराग चौधरी, माधोराम शास्त्री सहित अन्य रालोद नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।