दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर की गई हत्या
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर मार्ग पर डेढ़ माह पूर्व सठेड़ी पुल के निकट गंगनहर में बाइक गिरने से गंगनहर में डूबी महिला की मौत हादसे में नहीं हुई थी, बल्कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई है। महिला के भाई का आरोप है कि उसकी बहन गंगनहर में नहीं डूबी, बल्कि उसकी हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द कर दिया गया है। पीड़ित ने आरोपी महिला के पति व सास के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गाजियाबाद के गांव मोरटी निवासी गौरव त्यागी 24 जून की देर रात पत्नी शालू त्यागी के साथ बाइक से हरिद्वार से घर लौट रहा था। देर रात करीब 11 बजे गौरव त्यागी ने सठेड़ी गंगनहर पुल के निकट अपनी बाइक गंगनहर में गिरने और पत्नी शालू त्यागी के गंगनहर में डूबने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने पीएसी गोताखोरों की मदद से लगातार कई दिन तक गंगनहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन महिला का शव बरामद नहीं हुआ। करीब दो माह बाद भी अब तक महिला का शव बरामद नहीं हो सका है। अब इस मामले में लापता शालू त्यागी के भाई प्रदीप त्यागी ने एसएसपी अभिषेक यादव के साथ ही सीओ बुढ़ाना विनय गौतम व रतनपुरी थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन शालू त्यागी की शादी दो दिसंबर 2014 को गांव मोरटी निवासी गौरव त्यागी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही गौरव द्वारा दहेज में दस लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शालू की हत्या कर उसके शव को खुर्द-बुर्द कर दिया गया है। भाई प्रदीप ने महिला के पति गौरव त्यागी व सास सर्वेश के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।