तितावी। गांव लालूखेड़ी में मजदूरी मांगने के विवाद में चाकू मारकर विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी अजय उर्फ जोनी (40) को घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ फुगाना ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
लालूखेड़ी निवासी संविदा कर्मचारी ने कोरोना काल में लालूखेड़ी में अश्वनी शर्मा के यहां मजदूरी की थी। तभी से उसके कुछ पैसे बकाया थे। रविवार शाम को संविदा कर्मचारी अश्वनी शर्मा से पैसे मांगने गया तो वहां दोनों में विवाद हो गया। तब कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराकर अजय को भेज दिया था। आरोप है कि अश्वनी ने सूचना अपने बेटे शिवा व भाई कपिल को दी तो वह बाइक पर लालूखेड़ी आने लगे। रास्ते में संविदा कर्मचारी और चाचा-भतीजे का आमना सामना हो गया। तब दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों ने चाकू मार कर संविदा कर्मचारी को घायल कर दिया। आरोपी फरार हो गए। उधर, घायल संविदा कर्मचारी अपने घर के बाहर पहुंच कर गिर गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पाकर सीओ फुगाना एसपी उपाध्याय व तितावी पुलिस अस्पताल पहुंची। सीओ ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।