खतौली। पत्नी को प्रेमी की बाइक पर बैठा देख कर पति और प्रेमी में मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बैठाया है। पत्नी प्रेमी संग जाने को जिद पर अड़ गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। विगत चार माह से पत्नी मायके में रह रही थी। रविवार को पति अपनी बहन के साथ बाइक पर सवार होकर उसे दवाई दिलाने के लिए जा रहा था। रास्ते में उसकी पत्नी अपने गांव निवासी एक युवक की बाइक पर बैठी हुई दिखाई दी, जिसे देख कर पति बिफर गया। इस दौरान प्रेमी बाइक लेकर भागने लगा। पति ने प्रेमी को पकड़ लिया तब दोनों में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने बैठा लिया। इस दौरान पत्नी प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने पति और पत्नी के परिजनों को थाने बुलवा लिया। इस मामले में दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है। पुलिस ने बताया कि कोई भी पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है। दोनों पक्ष थाने से चले गए। किसी ने भी तहरीर नहीं दी है।