बुढ़ाना में पंचायत राज प्रकोष्ठ प्रतिनिधि सम्मेलन में मौजूद केन्द्रीय मंत्री व विधायक आदि।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
अधिकतर समस्याओं का हुआ समाधान : संजीव बालियान
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। पंचायत राज प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित बुढ़ाना विधानसभा के पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता की अधिकतर समस्याओं का समाधान हो चुका है।
शुक्रवार को कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में पंचायत राज प्रकोष्ठ के पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने वर्ष 2007 से अब तक की सरकारों का तुलनात्मक विश्लेषण किया। बताया कि प्रदेश व जनपद में पहले क्या हालात थे, और अब क्या हालात है। सड़कों की व्यवस्था कैसी थी। इस क्षेत्र की जनता पिछली सरकारों व भाजपा की सरकार के कार्यों को तराजू में तौल कर देखे, तो बहुत बड़ा बदलाव महसूस करेंगे। जनता की सभी उम्मीदें तो पूरी नहीं हुईं, मगर अधिकतम उम्मीद पूरी करने का प्रयास किया गया है।
विधायक उमेश मलिक ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने सभी फर्जी मुकदमे शासन से वापस करवाने का कार्य किया है। गांव में पक्ष-विपक्ष समाप्त हुआ है। कार्यक्रम के आयोजक पंचायत राज प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ठाकुर रामनाथ सिंह ने भी भाजपा सरकार के कार्यों का गुणगान किया। मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजन राजेेश संगल, ओमेंद्र, राकेश ठाकुर, प्रमोद कुमार अट्टा, शाहपुर चेयरमैन प्रमेश सैनी, यशपाल बालियान, सुधीर सैनी आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन ठाकुर रामनाथ सिंह ने किया।