स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल ने कहा कि चाइनीज मोबाइल से देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा है। भारतीय सेना और इंटेलीजेंस ब्यूरो ने अपने सभी अधिकारियों को चाइना मोबाईृल फोन इस्तेमाल न करने के लिए कहा है।
सर्विस क्लब के सभाकक्ष में स्वदेशी जागरण मंच की 28 जिलों की प्रांतीय परिषद की बैठक में कश्मीरी लाल ने कहा कि भारत में स्वदेशी की ताकत तेजी से बढ़ रही है। चीन को अब ये समझ में आ जाना चाहिए कि भारत के खिलाफ उसके कूटनीतिक प्रयास सफल नहीं हो सकते।
भारत की अनदेखी कर विश्व मंच पर अपनी जगह नहीं बना सकता। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने चीन के 122 उत्पादों पर एंटी डंपिंग ड्यूटी लगा दी है। कई उत्पादों को प्रतिबंधित भी कर दिया है। चाइना मोबाइल देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने यह भी कहा कि सेना और इंटेलीजेंस के अधिकारी चाइना मोबाइल के प्रयोग पर रोक की बात कह रहे हैं। सह क्षेत्र संयोजक राजीव कुमार ने कहा कि मंच 12 दिसंबर को बाबू गेनू के बलिदान दिवस को स्वदेशी दिवस के रूप में मनाएगा।
कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी की आवश्यकता और महत्व को समझाया जाएगा। प्रांत संयोजक अनिल लुहारी ने कहा कि मंच व्यावहारिक और देश हित के विषयों पर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि परिवार की एकता एवं पारस्परिक संबंधों को समाज की दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए परिवार सम्मेलन किए जाएंगे।
लघु और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। दुनिया के आठ लोगों की संपत्ति 365 करोड़ लोगों की संपत्ति के बराबर है। डब्लूटीओ की पॉलिसी गरीब देशों को लोभ देने और अमीर देशों को लाभ देने की है। संचालन सार्थक शर्मा ने किया। अभिषेक अग्रवाल, जिला संयोजक संदीप कुमार, प्रवीण सैनी, राजीव आर्य, अजय कमल, ओमकार, जितेंद्र तेवतिया, नीरज शर्मा, भूपेंद्र, कुशपुरी, अरविंद धनगर आदि मौजूद रहे।