छपार पुलिस ने नकली नोट बनाकर उनका कारोबार करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का तार सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव थीतकी से जुड़े हैं। वहां पर नकली नोट बनाए जाते हैं। यह गिरोह भारतीय करेंसी के अलावा सऊदी अरब करेंसी के भी नकली नोट बनाते हैं।
पुलिस ने पकड़े गए गांव खुड्डा निवासी आरोपी नबी हसन की निशानदेही पर नकली नोट बनाने के उपकरण के अलावा भारतीय करेंसी के एक लाख 78 हजार के नकली नोट और सऊदी अरब की करेंसी के 1500 रियाल भी बरामद किए है। थीतकी में दबिश के दौरान एक महिला फरार हो गई, जो पति के जेल जाने के बाद इस कारोबार का संचालन कर रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हैै।
एसएसपी अनंत देव ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को नकली नोटों को बना कर उनका कारोबार करने वाले गिरोह के खुलासे की जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि छपार थानाध्यक्ष आदेश त्यागी को रविवार सुबह किसी ने सूचना दी कि खामपुर गांव के पास खुड्डा तिराहे पर एक युवक खड़ा है, जो नकली नोट लिए हुए है, जो वहां किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर एसओ ने पुलिस बल समेत मौके पर जाकर वहां खड़े युवक को दबोचा।
तलाशी लेने पर उसके पास से दो हजार, पांच सौ और दो सौ के नकली नोट मिले। थाने लाकर की गई पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम नबी हसन पुत्र अब्दुल हमीद, निवासी गांव खुड्डा बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नकली नोट सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव थीतकी निवासी उसकी साली मुर्सरत पत्नी उस्मान ने दिए है, वो ही नकली नोट बनाती है। वहीं से नकली नोटों का कारोबार संचालित होता है।
इस जानकारी पर पुलिस ने थीतकी में दबिश दी, मगर आरोपी मुर्सरत फरार हो गई। एसएसपी ने बताया कि नबी हसन की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से नकली नोट बनाने के कलर प्रिंटर, प्लास्टिक का रिम, कैलकुलेटर, नोट छापने के दो सफेद रिम, एक हरा रिम, कंप्यूटर, कटर आदि उपकरण बरामद किए।
नवी हसन के पास और थीतकी से पुलिस ने भारतीय करेंसी के दो हजार, पांच सौ, दो सौ और सौ के नोट के 178400 रुपये नकली नोट के अलावा सऊदी अरब करेंसी के 1500 रियाल भी नकली बरामद किए है। साथ ही आरोपी के पास से इस कारोबार कर जुटाए गए असली 9500 रुपये भी मिले है। पुलिस ने नवी हसन को जेल भेज दिया है, जबकि मुर्सरत की तलाश की जा रही है।
पति के जेल जाने पर मुसर्रत कर रही है अवैध कारोबार का संचालन
भारतीय और विदेशी करेंसी के नकली नोट छाप कर उसे बाजार में चलाने का कारोबार थीतकी में काफी समय से चल रहा है। गिरोह के सरगना थीतकी निवासी उस्मान के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी मुसर्रत ने इस धंधे की बागडोर संभाल रखी है।
वह खुड्डा निवासी अपने बहनोई नबी हसन के पकड़े जाने की भनक लगने पर पुलिस की दबिश से पहले ही फरार हो गई, मगर मौके से नकली करेंसी छापने के उपकरण और जाली नोट नहीं ले जा सकी। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में लगी है। उसके पकड़े जाने पर पता चलेगा कि गिरोह के तार कहां तक फैले है और अब तक वह कितने नकली नोट बाजार में उतार चुकी है।
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव थीतकी निवासी उस्मान के घर से नकली करेंसी बनाने के उपकरण और जाली नोट बरामद हुए है। उस्मान को सहारनपुर पुलिस ने इसी वर्ष जून माह में नकली करेंसी के साथ पकड़ा था, मगर वहां की पुलिस तब नकली नोट बनने के उपकरण बरामद नहीं कर सकी थी।
उस्मान तभी से देवबंद जेल में बंद है। पति के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी मुसर्रत ने इस कारोबार का संचालन अपने हाथ में ले लिया था। इसमें उसने अपने जीजा नबी हसन को भी शामिल कर लिया था। मुसर्रत की गिरफ्तारी के लिए सीओ सदर योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीम गठित की गई है। आरोपी महिला की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।
बाजार, मॉल, पेट्रोल पंप पर चलाते थे नकली नोट
मुजफ्फरनगर। प्रेस वार्ता के दौरान आरोपी नबी हसन ने बताया कि नकली नोट बाजार, मॉल, पेट्रोल पंप पर चलाते थे। इसके अलावा वो लोगों को भी असली नोट लेकर दुगने नकली नोट देते थे। वो सऊदी अरब की करेंसी रियाल भी नकली बनाते थे, उन्हें ऐसे लोगों को देखे थे, जो सऊदी अरब जाने वाला हो।
रासुका में कार्रवाई की जाएगी
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि नकली करेंसी बनाने वालों पर रासुका की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए छपार थानाध्यक्ष को निर्देश दे दिए गए हैं।
ये मिले नकली नोट
मुजफ्फरनगर। नबी हसन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने 1,78400 नकली रुपये बरामद किए, जिनमें 2000 के आठ नोट, आठ नोट अधबने, 500 के 190 नोट, एक अधबना, 200 के 269 नोट, 100 के 11 नोट, सऊदी अरब करेंसी के 500 के तीन नोट यानि 1500 रियाल शामिल है। उधर, नकली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसओ छपार आदेश त्यागी, एसएसआई जितेंद्र कुमार शर्मा, एसआई मुकेश गौतम, कांस्टेबल विनय कुमार, आरिफ उस्मानी, इंद्रजीत नागर, सन्नी चड्ढा, आदर्श यादव शामिल रहे।