मुजफ्फरनगर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शहीद जवान की बेटी से पिता की पेंशनर्स गैलेंट्री ग्रांट दिलाने का झांसा देकर 3.62 लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर ठगों ने पांच खातों में रुपये जमा कराए। लगातार रुपये मांगे जाने पर पीड़िता को ठगी का पता चला और मुकदमा दर्ज कराया।
खालापार थाने के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी विदुषी मलिक के पिता तेजपाल सिंह मलिक सीमा सुरक्षा बल में जवान थे। वह 26 सितंबर वर्ष 1999 को शहीद हो गए थे। पीड़िता ने बताया कि उसके मोबाइल पर काल कर एक व्यक्ति ने खुद को बीएसएफ से बताया। कहा कि तेजपाल सिंह मलिक की पेंशनर्स गैलेंट्री ग्रांट में कुछ इश्यू हुआ है, जिसके 3.70 लाख रुपये हैं। यह मामला निरस्तीकरण कोष में पड़ा है। शहीद की वीरांगना को वर्ष 2023 से 2026 तक लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये हर साल मिलेंगे।
उसने बीएसएफ के अधिकारी का सहायक बताते हुए अपने साथी विवेक राजपूत का नंबर दिया।
बताए गए नंबर पर बात की तो ग्रांट देने की एवज में 24 हजार 600 रुपये वसूले गए। बाद में फंड स्वीकृत करने के लिए 74,600 व 97 हजार रुपये भी लिए गए। बाद में मिलने वाली कुल रकम पांच लाख से ज्यादा होना बताकर 1 लाख 66 हजार रुपये इनकम टैक्स के नाम पर लिए। यह रुपये पांच खातों में जमा कराए गए।