कोराना संक्रमण से बचाव के लिए किया जागरूक
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए जनता को जागरूक करने को प्रशासन ने अभियान चलाया है। शहर के तुलसी पार्क में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। शहर की सड़कों पर पेंटिंग के माध्यम से, पोस्टर व बैनर आदि के माध्यम से भी शहर व देहात, ग्रामों में आमजनमानस को जागरूक किया जा रहा है।
शिवचौक के पास तुलसी पार्क में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कोरोना वायरस के रोकथाम के क्या उपाय करें आदि बातों का मंचन किया गया। जैसे 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, एक से अधिक अन्य बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं और 10 वर्ष की आयु से नीचे के बच्चे जब तक आवश्यक न हो घर से बाहर न निकलें। कोरोना वायरस के बचाव के लिए फेस कवर मास्क का प्रयोग करें, प्रत्येक व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर यथासंभव सोशल डिस्टेंसिग का पालन करें। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि श्वसन संबंधी शिष्टाचारों का कड़ाई से अनुपालन करें। इसमें मुंह एवं नाक को खांसते, छींकते हुए टिश्यू-पेपर या रूमाल से पूरी तरह से ढककर रखें। प्रयोग के बाद टिश्यू पेपर आदि को उचित तरीके से डस्टबिन आदि में फेंका जाए। कार्यक्रम में सरदार बलजीत सिंह कार्यक्रम प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन, राकेश त्यागी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष, तरुण मित्तल, सरदार बलविंदर सिंह, भानु प्रताप, राजेन्द्र अरोरा, गौरव जैन, संजीव संगम उपस्थित रहे।