कवाल प्रकरण: पूर्व सांसद कादिर राना सहित सात आरोपी कोर्ट में हुए पेश
मुजफ्फरनगर। कवाल प्रकरण में पूर्व बसपा सांसद कादिर राना, पूर्व विधायक नूरसलीम राना सहित सात आरोपी स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। पूर्व सांसद सईदुज्जमां सहित तीन आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। उनके अधिवक्ताओं की ओर से हाजिरमाफी के प्रार्थनापत्र दिए गए। अदालत ने इस मामले में आरोपियों पर चार्ज फ्रेम करने के लिए 15 फरवरी की तारीख तय की है।
करीब साढ़े सात साल पहले 28 अगस्त 2013 को कवाल कांड हुआ था। मलिकपुरा के ममेरे भाइयों सचिन और गौरव सहित कवाल के ही शाहनवाज की हत्या हुई थी। कवाल कांड के बाद ही जिले में दंगा भड़का था। कवाल कांड को लेकर 30 अगस्त 2013 को खालापार के शहीद चौक पर एक वर्ग की सभा हुई थी, जिसमें राजनेता भी शामिल हुए थे। प्रशासन की ओर से शहर कोतवाली में भड़काऊ भाषण देने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। यह मुकदमा अब स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। मंगलवार को आरोपियों पर चार्ज फ्रेम होना था। पूर्व सांसद कादिर राना, पूर्व विधायक नूरसलीम राना, सलमान सईद, असद जमा, हाजी एहसान, मुशर्रफ और सुल्तान मुशीर कोर्ट में पेश हुए। जबकि पूर्व पूर्व सांसद सईदुज्जमां, पूर्व विधायक मौलाना जमील कासमी और नौशाद कुरैशी कोर्ट में पेश नहीं हुए। उनके अधिवक्ता की ओर से कोर्ट में हाजिरीमाफी के प्रार्थनापत्र दिए गए। सभी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं होने पर मंगलवार को आरोप तय नहीं हो सके। एडीजीसी ललित भारद्वाज ने बताया कि कोर्ट ने आरोप तय करने के लिए 15 फरवरी की तारीख लगाई है। अदालत ने सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए हैं।