खतौली अशोक विहार में स्थित हास्पिटल को कराया बंद।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली। अशोक विहार में स्थित सूर्या हास्पिटल की शिकायतें स्वास्थ्य विभाग से किए जाने के बाद विभाग की टीम ने जांच कर कार्रवाई की। शिकायतें सही पाए जाने के बाद सूर्या हास्पिटल बंद किए जाने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद हास्पिटल के मालिक ने उसे बंद कर नर्सिंग स्टाप की छुट्टी कर दी।
सूर्या हास्पिटल को कोरोना काल में कोविड एल-1 का अस्पताल बनाए जाने पर प्रशासनिक मशीनरी ने विचार किया था, लेकिन यह कोविड अस्पताल नहीं बन पाया था। कोरोना काल में भर्ती मरीजों ने भी इस हास्पिटल की शिकायत की थी। उसके बाद कई मामलों में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने भी हंगामा किया। कुछ दिन पहले डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत हो जाने के बाद उनके तीमारदारों ने हंगामा किया था। इन सब मामलों की शिकायतें लगातार स्वास्थ्य विभाग को की जा रही थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ एमएस फौजदार ने शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डॉ राजीव निगम के साथ टीम को जांच के लिए भेजा।
जांच पड़ताल में हास्पिटल की कमियां उजागर हुईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हास्पिटल संचालक को हास्पिटल बंद कर वहां से नर्सिंग स्टाप हटाने के निर्देश दिए। जिसके बाद हास्पिटल बंद कर दिया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर वह टीम के साथ हास्पिटल पहुंचे तथा पूर्व में मरीजों के तीमारदारों द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर हास्पिटल को बंद करने के निर्देश दिए हैं।