गार्ड पर किया हमला, महिला गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजडू निवासी मुकेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि वह गोशाला नदी रोड निवासी संजीव सिंघल के घर में सिक्योरिटी गार्ड है। आरोप है कि मोहल्ले के ही सचिन व उसकी पत्नी नेहा ने अपने साथी सुभाष के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर लोग पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला नेहा को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया, जबकि अन्य आरोपी हत्थे नहीं चढ़े।
मकान में चल रहे जुआघर से चार गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी इमरान के घर में जुआघर चलने की सूचना पर पुलिस ने शनिवार रात वहां छापा मारा। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि मौके से चार लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 13,400 रुपये की नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया। चारों आरोपियों इमरान, सदाकत, रिजवान व आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।