मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड मार्किट में कटान को खड़ीं पुरानी गाड़ियां।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। जनपद में चोरी के वाहन कटान के धंधे में पुलिस-प्रशासन के नाम पर कुछ लोग दलाली का धंधा करते हुए हर रोज लाखों की रकम उगाह रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए, जिससे वाहन कटान के धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
शहर के मेरठ रोड स्थित एक मार्केट में बड़े पैमाने पर चोरी व कबाड़ के वाहनों के अवैध कटान का धंधा काफी समय से चलता आ रहा है। करीब डेढ़ साल पूर्व एसएसपी अभिषेक यादव ने इस मार्केट में छापा मारते हुए चोरी के वाहन कटान के धंधे का भंडाफोड़ कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से तीन लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके साथ ही मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और काटे जाने वाले वाहनों का पूरा रिकॉर्ड रखे जाने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। समय बीतने के बाद इस मार्केट में पिछले करीब छह माह से एक बार फिर से वाहन कटान का अवैध धंधा शुरू कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस धंधे को कुछ लोगों द्वारा ऑपरेट कराया जा रहा था, जिसमें पुलिस कार्रवाई से बचने की भी जिम्मेदारी लेते हुए इसके लिए अफसरों को देने के नाम पर हर कबाड़ी से प्रति गाड़ी पांच सौ रुपये के हिसाब से हर रोज एक लाख रुपये से अधिक की अवैध वसूली की जा रही थी। पूरे धंधे पर किसी की नजर न पड़े, इसके लिए पूर्व में एसएसपी द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। धड़ल्ले से चल रहे इस धंधे का भंडाफोड़ सोमवार रात तब हुआ, जब सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसकी शिकायत कर तथ्य भी पेश किए। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अभिषेक यादव ने रात में ही अधीनस्थों को पूरे प्रकरण की जांच कर इसमें संलिप्त आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस संबंध में एसएसपी ने टीम का गठन करते हुए हर दुकान पर पिछले छह माह में काटे गए वाहनों का ब्योरा तलब किया है, जिससे हड़कंप मच गया। रातोंरात मार्केट से कटान के लिए लाई गई गाड़ियों के साथ ही कटे पार्ट्स व इंजन भी हटा लिए गए हैं। मंगलवार को पूरी मार्केट सुनसान पड़ी रही।
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि अवैध वाहनों के कटान के धंधे की शिकायत पर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। कुछ लोगों द्वारा वाहन कटान के नाम पर अवैध वसूली की भी जानकारी मिली है। मामले में टीम गठित कर कटान के वाहनों का ब्योरा तलब किया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।