कांग्रेस नेता की सरेबाजार पिटाई करते आरोपी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। रंजिश के चलते पालिका के पूर्व सभासद ने अपने साथी के साथ मिलकर सोमवार देर शाम इमलिया गांव के पूर्व प्रधान को सरेबाजार दौड़ा दौड़ाकर चप्पल से मारा। इतना ही नहीं मंगलवार को फिर से दोनों पक्षों का सामने हुआ तो इस बार पथराव और फायरिंग भी हुई। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, पूर्व प्रधान के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मारपीट करने वाले दो लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पालिका के पूर्व सभासद आरिफ सिद्दीकी और इमलिया गांव के पूर्व प्रधान तनवीर उर्फ पप्पू के बीच किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। सोमवार को इसी रंजिश में देर शाम आरिफ ने तनवीर को नगर के सरसटा बाजार में रोक लिया तथा अपने एक साथी के साथ मिलकर तनवीर की चप्पल से जमकर पिटाई की। इस बीच किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने तनवीर से तहरीर लेकर आरिफ सिद्दीकी समेत दो लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, मंगलवार को तनवीर अपने भाई और भतीजे के साथ मोहल्ला गद्दीवाड़ा में स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष फिर से आमने सामने आ गए और उनके बीच पथराव और फायरिंग भी हुई। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। फायरिंग होने से इलाके में दहशत फैल गई। इस मामले में भी तनवीर की ओर से दूसरे पक्ष पर पथराव और फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। तनवीर अपने आपको कांग्रेस नेता भी बता रहे हैं। वहीं, इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र का कहना है कि पूर्व सभासद समेत दो लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। देर रात्रि आरोपियों के घरों पर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई, मगर वह फरार मिले। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
ांग्रेसी नेता की पिटाई करते आरोपी- फोटो : DEVBAND