जिला पंचायत सभागार में प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुनते प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना क?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
राशन की दुकानों पर अन्न महोत्सव, जिला पंचायत सभागार में भी हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। अन्न महोत्सव के अवसर पर राशन की दुकानों पर खाद्यान्न और बैग का वितरण किया गया। जिला पंचायत सभागार में जनप्रतिनिधि और अफसर शामिल रहे।
जिले की सभी उचित दर की दुकानों पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं बैग के नि:शुल्क वितरण का कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित किया गया। प्रत्येक उचित दर दुकान पर एक-एक जनप्रतिनिधि रहे। दुकानों पर 100-100 लाभार्थियों को उचित दर विक्रेताओं द्वारा आमंत्रित किया गया था। सभी उचित दर दुकानों पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से संबंधित बैनर, पोस्टर लगाये गये थे। दुकानों को फूल मालाओं एवं गुब्बारे से सजाया भी गया। सभी आमंत्रित कार्ड धारकों के बैठने के लिये सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कुर्सियों की व्यवस्था की गयी थी। सभी उचित दर की दुकानों पर सैनिटाइजेशन के लिये एक-एक आशा कार्यकर्ता मास्क एवं सैनिटाइजर के साथ उपस्थित रहीं।
जिला पंचायत सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, डीएम चंद्र भूषण सिंह, सीडीओ आलोक यादव, जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला मौजूद रहे। यहां 50 महिला कार्ड धारकों को खाद्यान्न और बैग वितरित किया गया। सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर खंड विकास अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉक प्रमुख के साथ मौके पर उपस्थित सभी 100 कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का खाद्यान्न एवं बैग नि:शुल्क वितरित किया। इसी प्रकार नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों ने अध्यक्ष के साथ खाद्यान्न एवं बैग वितरित किया। जिले में कुल 508478 राशन कार्ड धारकों में से 58763 राशन कार्डधारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का खाद्यान्न नि:शुल्क वितरित किया गया।