गांव खुड्डा में फरार हत्यारोपी के घर में लगी आग
छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव खुड्डा में दो अगस्त को दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में हुई ग्रामीण की हत्या के मामले में फरार चल रहे हत्यारोपी के घर में रविवार देर रात आग लग गई। आग लगने से घर में रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव खुड्डा में दो अगस्त को दो पक्षों में संघर्ष हो गया था। इसमें घायल हुए गांव निवासी शौकत की मौत हो गई थी। शौकत के पुत्र ने मामले में तीन लोगों के विरुद्ध हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या में गांव निवासी इकराम को भी नामजद किया गया है, जिसके बाद से वह अपने घर को ताला लगाकर परिवार समेत फरार चल रहा है। रविवार देर रात्रि अज्ञात कारणों से इकराम के मकान में अचानक आग लग गई। बंद मकान से धुआं व आग की लपटें निकलते देख ग्रामीणों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी, जिस पर दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर पूरी तरह से नष्ट हो चुका था। ग्राम प्रधान के भाई मुफीद आलम ने बताया कि इकराम के घर में रखा फ्रीज, वाशिंग मशीन, बिजली के पंखे, कूलर, कपडे, बैड व फेरी करने की कपड़े की गांठ व 50 हजार की नकदी समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।