किसानों को फसलों के नुकसान का मिलेगा
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। खादर क्षेत्र में उत्तराखंड से आए पानी से क्षेत्र में बने बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पुरकाजी विधायक प्रमोद उटवाल ने तहसील कर्मियों और सिंचाई विभाग की टीम के साथ खादर क्षेत्र का दौरा किया। विधायक ने एसडीएम सदर दीपक कुमार को बाढ़ के पानी से हुए फसलों के नुकसान का किसानों को मुआवजा दिलवाने को कहा।
सोमवार और मंगलवार को उत्तराखंड से सोलानी नदी में छोड़े गए पानी से खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हाल यह है कि कई मुख्य रास्तों पर पानी भरा होने से ग्रामीणों को जहां आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नदी में करीब दस फुट व जंगलों और खेतों में कई कई फुट पानी भरा होने के कारण ग्रामीण खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं। शुक्रवार को पुरकाजी विधायक प्रमोद उटवाल ने तहसील कर्मियों व सिंचाई विभाग की टीम के साथ खादर क्षेत्र का दौरा किया।
विधायक ने सिंचाई विभाग की टीम को जल्द से जल्द नदी में जमा जलकुंबी को बाहर निकालने व तहसील कर्मियों को ग्रामीणों का हर संभव सहयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सदर दीपक कुमार, सिंचाई विभाग के एसडीओ अशोक जैन, लेखपाल सोमपाल, कृष्ण चंद्र सहित भाजपा नेता अमित गुप्ता, सोमपाल फौजी, प्रधान सुनील बारी आदि मौजूद रहे।