मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आए नकली नोट छापने के आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नकली नोट बनाने के धंधे का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला रामलीला टिल्ला स्थित किराये के मकान में नकली नोट छाप रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हजारों के नकली नोट, प्रिंटर और नोट छापने वाला कागज बरामद किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली में शनिवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि थाना पुलिस ने रामलीला टिल्ला पर गली नंबर-दो में किराए के घर में रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से एक प्रिंटर के साथ ही दौ सौ रुपये के 21 नकली नोट, पांच-पांच सौ रुपये के 16 नकली नोट, पांच सौ रुपये की एक साइड छपी हुईं कागजों की 70 शीट, आठ गड्डी डाई टाइप पैक नोट के साथ ही 50 सफेद पेपर भी बरामद किए गए। सीओ सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में देवबंद के मूल निवासी अनमोल कुुमार, गांव लकड़संधा निवासी अनिकेत और जनपद हरिद्वार के गांव पनियाला निवासी दीपक शामिल हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एक के तीन करने का लालच देकर करते थे ठगी
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी खुद भी नकली नोट बनाने वाले किसी गिरोह का शिकार हो चुके थे। इसके बाद आरोपियों ने खुद भी इसी धंधे को अपनाते हुए नकली नोट छापने शुरू कर दिए। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा ने बताया कि आरोपी नकली नोट छापने के बाद लोगों को एक लाख असली नोटों के बदले तीन लाख के नकली नोट देने का वादा करते थे। इसके बाद नोट जैसे कागज की गड्डी बनाकर ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर उसे दे देते थे। आरोपियों ने देवबंद के एक शिक्षामित्र से भी कुछ दिन पूर्व एक लाख रुपये हड़प लिए थे।