मुजफ्फरनगर। ऊर्जा निगम की ओर से जारी विद्युत बिलों में इकाइयों के नाम और पते में त्रुटियों से उद्यमी परेशान हैं।उद्यमियों का कहना है कि कोई भी अधिकारी इन त्रुटियों को ठीक करने के लिए तैयार नहीं होता। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने निगम अधिकारियों से मांग की है कि समाधान के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया जाए। जो इन त्रुटियों को ठीक करा सके।
नियमित विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधा लोगों को परेशान कर रही है। आम लोगों के अलावा उद्यमी भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति न होने से परेशान हैं। पीक आवर्स में बिजली चले जाने से समस्या बढ़ रही है। उद्यमियों के सामने सिर्फ आपूर्ति को लेकर ही समस्या नहीं है।
उद्यमी ऊर्जा निगम की ओर से जारी किये जा रहे त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों से भी परेशान हैं। किसी बिल में इकाई का पता तो किसी बिल में उद्यमी के नाम में त्रुटि पाई जा रही है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अध्यक्ष अमित जैन का कहना है कि उद्यमियों की ओर से इस प्रकार की शिकायत की जा रही हैं। जिनके निस्तारण के लिए ऊर्जा निगम मुख्य अभियंता को लिखा गया है। मांग की गई कि निगम उद्यमियों को त्रुटिरहित बिल भेजे। यदि किसी बिल में त्रुटि आती है तो उसके निराकरण के लिए अलग से एक अधिकारी को नियुक्त किया जाना चाहिए।