ईओ को भेजा एक लाख का बिजली बिल
मुजफ्फरनगर। विद्युत निगम की ओर से पालिका ईओ के आवास पर लगा विद्युत कनेक्शन पदनाम के बजाय उनके नाम से व्यक्तिगत कर दिया गया है। इसके साथ ही ईओ को एक लाख रुपये से ज्यादा का विद्युत बिल भेजकर भुगतान मांगा गया। ईओ ने विद्युत निगम की इस प्रक्रिया पर कड़ी नाराजगी जताई है। एक्सईएन को पत्र लिखकर विद्युत कनेक्शन का बिल उनके नाम से करने पर जवाब मांगा है।
नगरपालिका परिषद और विद्युत निगम के बीच बिलों के भुगतान को लेकर खींचतान चल रही है। विद्युत वितरण खंड प्रथम की ओर से सिविल लाइन में स्थित पालिका ईओ का आवास पर स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के लिए पूर्व में करीब साढ़े तीन लाख का बकाया हो जाने के कारण आरसी तहसील को भेज दिया गया था। इसके बाद पालिका प्रशासन ने विद्युत निगम के शहरी क्षेत्र में बने 11 बिजलीघरों पर किराया और हाउस टैक्स निर्धारण करते हुए करीब 12 करोड़ रुपये का नोटिस एक्सईएन टाउनहाल को भेज दिया था। ईओ आवास का बिल करीब पांच लाख पहुंच जाने के बाद फिर से भुगतान मांगा गया, लेकिन पालिका प्रशासन ने इसे व्यक्तिगत बताते हुए भुगतान से मना कर दिया।
अब विद्युत विभाग ने पालिका के ईओ के आवास मकान नंबर 200 सिविल लाइन पर लगे विद्युत मीटर के लिए बिल ईओ हेमराज सिंह के नाम पर कर दिया है। उनको वर्तमान बिल निर्गत करते हुए एक लाख रुपये का भुगतान मांगा गया है। एक्सईएन विद्युत वितरण नगरीय खंड प्रथम ओपी मिश्रा ने बताया कि पालिका के ईओ आवास के लिए पूर्व में पदनाम से बिल जारी किया जा रहा था, लेकिन करीब पांच लाख रुपये के बकाया भुगतान के लिए इस आवास में समय- समय पर रहे ईओ को नोटिस भेजा गया है। यह व्यक्तिगत भुगतान किया जाना है। वहीं, ईओ हेमराज सिंह ने, व्यक्तिगत विद्युत बिल आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक्सईएन टाउनहाल को पत्र लिखकर उनसे जवाब तलब किया हैै कि उनका नाम विद्युत कनेक्शन कैसे और किस आधार पर कर दिया गया है।