मौसम में ठंडक बरकरार है। बूंदाबांदी और शीतलहर से सर्दी और अधिक बढ़ गई है। मुजफ्फरनगर में बुधवार रात और गुरुवार को 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिन का तापमान भी 14.1 डिग्री और रात का तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली।
बुधवार रात से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। रात के समय रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। इसके बाद जिले में सुबह से आकाश में काले बादल छाए रहे। कई बार हुई बूंदाबांदी से मौसम में अत्यधिक ठंडक रही। दिन में भी रिमझिम फुहार ने मौसम का मिजाज बदल डाला। शीतलहर से सर्दी का प्रकोप बना रहा। जिले में अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता 97 प्रतिशत रही। वहीं जिले में वर्षा 2.8 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई। मौसम खराब होने के कारण बाजारों में आम जनता की आवाजाही काफी कम रही।
ठंड से बढ़ गई मरीजों की संख्या
ठंड के प्रकोप के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की कतार लगी रही। बुखार, नजला और खांसी-जुकाम के मरीज सबसे ज्यादा पहुंचे। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि मौसमी बीमारियों के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है, इस वजह से सर्दी, खांसी के मरीज अधिक है।
यह भी पढ़ें: चुनावी शंखनाद: कल आएंगे अमित शाह, कैराना के पलायन पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात, प्रत्याशियों को देंगे जीत का मंत्र
गन्ना छिलाई हो रही प्रभावित
बूंदाबांदी से गन्ना छिलाई का कार्य फिर प्रभावित हुआ। इसके अलावा कोल्हू संचालन भी बाधित रहा। गेहूं की फसल के लिए बरसात बेहतर है। ठंड अधिक होने के कारण इस बार गेहूं और सरसों की अच्छी पैदावार होने की संभावना है। ठंड का प्रकोप बढ़ने से दिन में भी कई जगह अलाव जलाया गया। लोग अलाव के सहारे नजर आए।
यह भी पढ़ें: UP Election: जेल गए नाहिद हसन की बहन ने सपा से किया नामांकन, बोलीं- जरूरत पड़ी तो वह चुनाव में उतरेंगी