महापंचायत को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते कमिशनर व डीआईजी ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
डीएम और एसएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मुजफ्फरनगर। शहर के महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत के दौरान सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। जनपद के अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ही देहात क्षेत्र से भी फोर्स को मुख्यालय पर बुलाया गया था। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी और डीएम सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
शुक्रवार सुबह से पूरे शहर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इसमें पुलिस लाइन से दो हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के साथ ही तीन कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरआरएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई। वहीं, देहात क्षेत्र से भी थाना प्रभारियों को मय फोर्स के शहर में ही बुला लिया गया था। सुबह से ही एसएसपी अभिषेक यादव व एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी लगातार ड्यूटी चेक करते रहे। दोपहर के समय सहारनपुर मंडल के कमिश्नर एवी राजमौलि और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल भी मुख्यालय पर पहुंच गए। एसएसपी और डीएम सेल्वा कुुमारी जे के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। महापंचायत पूरी होने तक अफसर जिले में ही मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
पल पल की जानकारी लेता रहा शासन
मुजफ्फरनगर। भाकियू की महापंचायत पर शासन की पूरी नजर रही। लखनऊ में बैठे अधिकारी भी लगातार स्थानीय पुलिस-प्रशासन से अपडेट लेते रहे। खुफिया विभाग के साथ ही इंटेलीजेंस ब्यूरो के कर्मचारी लगातार शहर के हाल से आलाकमान को अवगत कराते रहे।