महापंचायत के मद्देनजर अधिकारी और भाकियू नेता जीआईसी मैदान का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किसान महापंचायत की तैयारियों पर मंथन किया
मुजफ्फरनगर। किसान आंदोलन के तहत तीन कृषि कानूनों और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पांच सितंबर की किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने भारतीय किसान यूनियन के नेताओं के साथ जीआईसी मैदान का निरीक्षण किया।
महापंचायत का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर किया जा रहा है। भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और यूनियन कार्यकर्ताओं के साथ जीआईसी मैदान का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था बनाने के लिए रूपरेखा पर विचार किया। एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने भाकियू के मीडिया प्रभारी व अन्य पदाधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज, जीआईसी मैदान और महावीर चौक आदि का निरीक्षण करते हुए महापंचायत की तैयारियों को लेकर चर्चा की। अफसरों ने पार्किंग, आवागमन और मैदान पर एंट्री तथा मंच व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी भी हासिल की। भाकियू नेता धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि इस महापंचायत की तैयारियों के लिए भाकियू के वालिंटियरों को लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापंचायत के लिए अफसरों के साथ रूट प्लान और पार्किंग स्थल चयन के लिए चर्चा की गयी। इस दौरान सीओ सिटी कुलदीप कुमार, सिविल लाइन थाना प्रभारी उम्मेद सिंह यादव, चरण सिंह टिकैत, अनुज बालियान, सर्वेंद्र राठी आदि मौजूद रहे।