डायरिया, खांसी-जुकाम, टायफायड के मरीजों की भी अस्पताल में भीड़
मुजफ्फरनगर। जिले में संक्रामक बीमारियां बेकाबू हो गई है। जिला अस्पताल में वायरल फीवर, डायरिया, खांसी-जुकाम और टायफायड से पीड़ित भर्ती हैं। निजी चिकित्सकों के यहां भी बुखार से पीड़ित मरीजों का तांता लगा है। जिला चिकित्सालय में ही रोजाना करीब 150 से अधिक बुखार के मरीज आ रहे हैं। काफी संख्या में बच्चे भी पीड़ित हैं। अन्य जिलों में डेंगू फैलने के कारण लोग यहां काफी भयभीत हैं।
प्रदेश के कई जिलों में बुखार कहर बरपा रहा है। जनपद में भी वायरल बुखार लगातार बढ़ रहा है। साथ ही अन्य मौसमी बीमारियां भी लोगों को चपेट में ले रही हैं। स्वामी कल्याण देव राजकीय चिकित्सालय में रोजाना मरीजों की भीड़ लग रही है। जिला अस्पताल में कई वार्डों में बुखार के 27 मरीज भर्ती है। सुबह होते ही पर्ची काउंटर पर भारी भीड़ लगती है। मंगलवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। मंगलवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या 1122 रही, जिसमें 174 बुखार से पीड़ित मिले। बाकी खांसी-जुकाम, डायरिया, टायफायड और एलर्जी के मरीज रहे। अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ योगेंद्र त्रिखा ने बताया कि अस्पताल में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। रोजाना ओपीडी में डेढ़ सौ से अधिक मरीज बुखार के आ रहे हैं। सीएमएस डॉ. पंकज अग्रवाल ने बताया कि शरीर में दर्द , कंपकंपी के साथ आ रहे तेज बुखार से हो रही कमजोरी के कारण मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। बरसात और उमस के चलते अधिकतर मरीज वायरल बुखार, खांसी-जुकाम के आ रहे है। वहीं, बच्चे डायरिया की चपेट में अधिक आ रहे हैं। ऐसे में सेहत का ध्यान रखना जरूरी है।
खतौली में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इनके दर्जनों मरीज रोज पहुंचकर अपना उपचार करा रहे हैं। डाक्टरों के अनुसार सीएचसी में रोजाना 40 मरीज वायरल बुखार के आते हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल बुखार के मरीज बढे़ हैं। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने कई गांवों में वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया।
कोविड की तर्ज कर बुखार का सर्वे शुरू कराया: सीएमओ
जनपद में अभी तक डेंगू को कोई केस नहीं मिला। बरसात के मौसम में वायरल बुखार का प्रकोप पढ़ा है। मंगलवार से 16 सितंबर तक घर-घर सर्वे अभियान प्रारंभ किया गया है। आशा कार्यकर्ता घरों में जाकर बुखार पीड़ितों को दवाई देंगी। साथ ही जिन्होंने पहला टीकाकरण करा कर दूसरी डोज नहीं ली है, उनको भी सूचीबद्ध करेगी।
डॉ एमएस फौजदार
सीएमओ
वायरल बुखार के लक्षण
थकान, मांसपेशियों या बदन दर्द, तेज बुखार, खांसी, जोड़ों में दर्द, दस्त, त्वचा पर लाल रैशेज, गले में दर्द, सिर दर्द व आंखों का लाल होना वायरल बुखार के प्रमुख लक्षण है।
वायरल से बचाव के लिए ये करें
वायरल से बचाव के लिए विटामिन-सी युक्त हरी सब्जियों और फलों का सेवन करें, जिसमें अनार व संतरे का जूस, खाने में निंबू का प्रयोग, ब्रोकली आदि ले सकते हैं। संतुलित आहार के साथ रोजाना व्यायाम करें, वायरल बुखार के लक्षण दिखने पर अपने आप डॉक्टर न बने अस्पताल में जाकर डॉक्टर से उचित दवा लें।
जिला अस्पताल में आए मरीज
तारीख- ओपीडी
1 सितंबर - 1013
2 सितंबर - 1177
3 सितंबर - 1236
4 सितंबर - 1233
6 सितंबर - 1437
7 सितंबर - 1122