धर्मस्थल के पास मछली पालन के विरोध में प्रदर्शन
भोपा। गांव रहकड़ा में धर्मस्थल से चंद कदमों की दूरी पर तालाब में किए जा रहे मछली पालन के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर तालाब का पट्टा निरस्त किए जाने की मांग की।
थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा में धर्मस्थल से चंद कदमों की दूरी पर सरकारी तालाब है, जिसे हाल ही में ठेकेदार को आवंटित किया गया है। उक्त ठेकेदार द्वारा इस तालाब में मछली पालन का काम किया जा रहा है। इस तालाब में हाल ही में दो बार मछलियां मर चुकीं हैं, जिससे उनकी दुर्गंध से धर्मस्थल में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। यही नहीं, मृत मछलियों को ठेकेदार द्वारा इधर-उधर डाल दिया जाता है, जिन्हें पक्षी उठाकर मंदिर परिसर व लोगों के घरों में डाल देते हैं। इसके साथ ही ठेकेदार द्वारा मछलियों को तालाब के पास रखकर बेचा जा रहा है, जिनके अवशेष इधर-उधर फैल रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को ग्रामीणों ने इस तालाब में मछली पालन के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर इस तालाब का पट्टा निरस्त किए जाने की मांग की है। इस दौरान पुजारी रघुबीर महाराज, सुभाष, जसवंत, अनुज अहलावत, अंकुर, सेवाराम, सरोज, ऋषिपाल, सत्येंद्र, शंभू और ओमेंद्र आदि मौजूद रहे।