प्रधान प्रत्याशी के परिवार पर बुखार का कहर
मोरना (मुजफ्फरनगर)। प्रधान पद के प्रत्याशी रहे अशफाक के परिवार पर बुखार का कहर टूट पड़ा है। एक सप्ताह की अवधि में ही प्रत्याशी के परिवार में बेटे और मां के बाद अब पत्नी की भी बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई है। एक-एक कर तीन मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। अशफाक ने बताया कि राशिद कोरोना संक्रमित था। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों को बुखार आया था, जिनकी कोरोना जांच नहीं कराई गई थी।
मोरना निवासी अशफाक उर्फ राजू सलमानी ने इस बार ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा था। मतदान संपन्न होने के बाद अचानक अशफाक के परिवार में उसका बेटा 24 वर्षीय राशिद बीमार हुआ। उसका उपचार कराया, लेकिन बुखार के चलते 30 अप्रैल को राशिद की मौत हो गई। इसके अगले ही दिन एक मई को जवान पोते की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं करने के कारण अशफाक की मां इकरामन (62) की भी मौत हो गई। वहीं, इसके बाद अशफाक की पत्नी अफसाना (47) को भी बुखार ने चपेट में ले लिया। परिजनों ने उपचार कराया, लेकिन बृहस्पतिवार शाम अचानक अफसाना का ऑक्सीजन लेवल बहुत कम हो गया और शुक्रवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।
एक सप्ताह की अवधि में ही बेटे के साथ मां व पत्नी की मौत से आहत अशफाक के आंसू नहीं थम रहे हैं। वहीं, पीड़ित परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। अशफाक ने बताया कि राशिद कोरोना संक्रमित था। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों को बुखार आया था, जिनकी जांच नहीं कराई गई थी। शुक्रवार को शुकतीर्थ मां पूर्णागिरी आश्रम के महामंडलेश्वर महंत गोपाल दास महाराज समेत अन्य लोगों ने अशफाक के घर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी।