फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूटपाट के बाद महिला की चाकू से गोदकर हत्या

Sun, 04 Dec 2016 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
महिला की हत्या के बाद मौके पर जमा भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खतौली के गांव खेड़ी कुरैश में शनिवार रात बदमाशों ने मकान में घुसकर लूटपाट के बाद एक महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान महिला घर में अकेली थी। परिजनों को घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई। सूचना पर पहुंचे सीओ ने घटनास्थल का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन


खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी कुरैश निवासी दलित जयपाल खतौली त्रिवेणी शुगर मिल में मजदूरी करता है। शनिवार शाम को वह ड्यूटी करने चला गया था। घर पर उसकी पत्नी घरभरी (48) अकेली थी। उसके तीनों बेटे घर से बाहर गए हुए थे। रात में किसी समय मकान में घुसकर बदमाशों ने नगदी सहित सोने और चांदी के जेवरात लूट लिए और घरभरी के मुंह, गर्दन और छाती पर चाकुओं से प्रहार कर हत्या कर दी।

इसके बाद बदमाश मकान का मुख्य गेट खोलकर फरार हो गए। रविवार सुबह महिला नहीं उठी तो, पड़ोसी में रहने वाले देवर जगपाल के बच्चे अपनी ताई को उठाने के लिए मकान में पहुंचे। मकान के अंदर चारपाई पर खून से लथपथ ताई का शव पड़ा देखकर बच्चों की चीख निकल पड़ी।
विज्ञापन


परिवार के लोगों ने मकान के अंदर जाकर देखा तो, घरभरी का खून से लथपथ शव पड़ा था और मकान के अंदर संदूक व सेफ के पकड़े व अन्य सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा था। मकान के अंदर से नगदी, जेवरात भी गायब मिले। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ हरिराम यादव और इंस्पेक्टर केपी सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

सीओ ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। सीओ ने डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलवाया। टीम ने बदमाशों तक पहुंचने के लिए जांच पड़ताल की और फिंगर प्रिंट लिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पुलिस ने मृतका के पति जयपाल की ओर से अज्ञात में हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

बेटे के प्रेम प्रसंग में मां की हत्या का शक                         
पुलिस महिला की हत्या के पीछे बेटे के गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग को मान रही है। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला है कि महिला के एक बेटे का गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक माह पूर्व दोनों पकड़े भी गए थे। लड़की के परिजनों ने मृतका के बेटे की पिटाई भी की थी।

प्रेम प्रसंग को लेकर ग्रामीणों की पंचायत भी हुई थी। इंस्पेक्टर का प्रथम दृष्टया मानना है कि मां की हत्या के पीछे बेटे के प्रेम प्रसंग का भी मामला हो सकता है। महिला की हत्या करने के बाद हत्यारों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए इसे लूटपाट का रूप देने की कोशिश की है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।  इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।                      

हत्यारों का निशाने पर था महिला का बेटा                     
पुलिस की अगर बात मानें तो हत्यारों का मकसद बेटे की हत्या करने का था। मकान में बेटा नहीं मिला तो हत्यारे मां की हत्या करके चले गए। मृतका के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा सुशील विवाहित है। वह गंगोत्री में मजदूरी पर ट्रैक्टर चलाता है। उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। दूसरा बेटा बबलू इलेक्ट्रानिक्स का काम करता है।

जो फिलहाल गाजियाबाद में नौकरी करता है। तीसरा बेटा तेजपाल घर पर ही रहता है। दोनों बेटियों सुनीता और सरिता की शादी हो चुकी हैं। घटना की रात शनिवार को छोटा बेटा तेजपाल कहीं शादी समारोह में गया हुआ था। पुलिस का मानना है कि हत्यारे तेजपाल की हत्या करने के इरादे से मकान में घुसे थे।                        

छत के रास्ते से घुसे बदमाश                        
डॉग स्क्वायड टीम ने मकान की जांच पड़ताल की तो डॉग मकान के जीने से छत पर गया और पड़ोसी की छत पर जाकर रुक गया। जिस मकान में महिला की हत्या की गई उस मकान के पीछे रास्ता है। पुलिस को शक है कि बदमाश पीछे के रास्ते से सीढ़ी लगाकर पड़ोसी के मकान की छत से अंदर घुसे होंगे। महिला की हत्या करने के बाद बदमाश मकान का मेन दरवाजा खोलकर बाहर निकले।                        

मृतका ने रात में देवरानी के साथ टीवी देखा                        
घरभरी शनिवार रात को गांव में शादी समारोह से पूर्व होने वाले गीत-संगीत कार्यक्रम में गई थी। वहां से रात के आठ बजे के करीब लौटी। इसके बाद देवरानी सरला के साथ उसके ही घर में रात के दस बजे तक टीवी देखा। इसके बाद अपने घर सोने के चली गई थी। देवरानी सरला ने पुलिस यह सभी बातें भी बताई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें