खतौली। बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचों के बल पर किसान के बेटे से नगदी और वैगन आर कार लूटकर सनसनी फैला दी। बदमाश लूटी कार में बैठकर तहसील की ओर भाग निकले। गन्ना समिति के पास पुलिस और ग्रामीणों ने कार सवार एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए।
गांव ताजपुर निवासी किसान प्रदीप चंदेल का पुत्र विकास बुधवार को दिन के करीब तीन बजे खतौली से अपनी वैगन आर कार से अपने गांव जा रहा था। बुआड़ा रोड पर गांव पुट्ठा के सामने दो बाइक सवार छह बदमाशों ने विकास को घेर लिया। बदमाशों ने तमंचों के बल पर विकास से 8 हजार 700 रुपये और कार लूट ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने विकास पर तमंचे से फायर किया, लेकिन वह मिस हो गई, जिससे विकास बाल-बाल गया। लूटपाट के बाद तीन बदमाश तो दो बाइकों पर बैठकर फरार हो गए। बाकी तीन बदमाश लूटी कार में बैठकर तहसील की ओर निकल पड़े। इसी दौरान बुआड़ा रोड पर आ रहे ग्रामीणों को विकास ने लूट की घटना के बारे में जानकारी। ग्रामीण व विकास ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
बदमाश तहसील के सामने से होते हुए रेलवे के ओवरब्रिज के बराबर में गन्ना समिति के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार टकरा गई। इसी दौरान पीछे आ रहे ग्रामीणों व पीड़ित विकास ने शोर मचा दिया। शोर की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे भूड़ चौकी के दरोगा मनोज बालियान व पुलिसकर्मी भी कार की तरफ दौड़ पड़ेे।
पुलिस व ग्रामीणों ने कार में सवार एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि कार से कूद कर भागने वाले दो बदमाश तहसील की ओर से आ रहे मंसूरपुर के गांव खेड़ी निवासी मोहम्मद अली से तमंचों के बल पर उसकी बाइक लूट ली। बदमाश उस बाइक पर बैठकर वापस तहसील के रास्ते से बुआड़ा रोड की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा ने पुलिस बल के साथ बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाश पुलिस हत्थे नहीं चढ़ सके।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने लूटी गई वैगन आर कार कब्जे में ले ली है। पुलिस पकड़े गए बदमाश को लेकर फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर दबिश देने गई है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए बदमाश का नाम बताने से इंकार किया है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि शीघ्र ही फरार बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।