खतौली। क्षेत्र में हत्या व लूटपाट करने के इरादे से आए मेरठ के दो युवकों को लोगों ने दबोच लिया। मौके पर जमा भीड़ ने दोनों की जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा और चार कारतूस बरामद किए हैं।
मंगलवार को मोहल्ला सद्दीक नगर आलू मिल गोदाम के पास दो युवकों को लोगों ने संदिग्ध अवस्था में घूमते देख लिया। लोगों ने टोका, तो युवकों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एकत्र हुई भीड़ ने दोनों को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर डाली।
इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भीड़ ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम वसीम पुत्र सलीम और शाहरुख पुत्र अब्दुल रिहान निवासी मोहल्ला श्यामनगर मेरठ बताया।
पुलिस ने बताया दोनों युवक हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे। इनका मकसद किसी का मर्डर या लूटपाट करना भी हो सकता है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
हमले के आरोपियों को जेल भेजा
खतौली। जुआ खेलने से इंकार करने पर दो युवकों ने पिता-पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने नामजद दोनोें आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मोहल्ला सराफान पुलिया के पास सोमवार को जुआ खेलने से मना करने पर नदीम और कलीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहल्ला देवीदास निवासी राजेश और उसके बेटे राहुल हमला बोल दिया था। आरोपियों ने पथराव भी किया था। पथराव के दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मच गई थी। हमले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाल लिया था। राजेश की ओर से नदीम व कलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।