पुरकाजी। पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा गया 50 हजार का इनामी रमेश उर्फ नानू शार्प शूटर था, जो सुपारी लेकर वारदात करता था। नानू गत वर्ष भोपा के गांव सीकरी में पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो गया। फिलहाल उस पर लूट, हत्या, जानलेवा हमले आदि संगीन अपराधों के डेढ़ दर्जन मुकदमे मिले हैं। पुलिस उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि उस पर सहारनपुर पुलिस की ओर से भी 12 हजार का इनाम घोषित था।
एनकाउंटर में मारा गया नानू सहारनपुर के देवबंद कोतवाली के गांव जटोल का निवासी था, जो कि बीते कई साल से मुजफ्फरनगर में अपराध करने में लिप्त था। सीकरी क्षेत्र के एक बदमाश के लिए यह काम करता था। वह अच्छा शार्प शूटर था। गत वर्ष भोपा पुलिस जंगल में गश्त कर रही थी।
सीकरी के जंगल में नलकूप पर कुछ बदमाश बैठे शराब पी रहे थे, पुलिस ने टोका तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग कर भाग गए थे। अचानक हुई फायरिंग में पुलिस को जान बचा कर भागना पड़ा था। बाद में पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ा था, तब पता चला था कि पुलिस पर रमेश उर्फ नानू ने फायरिंग की थी। इसके अलावा गत वर्ष ही उसने छपार क्षेत्र में लूट की थी। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि इन दोनों मुकदमों में उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। इसके अलावा अन्य मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस उसका अन्य जिलों से भी अपराधिक इतिहास जुटा रही है।
वहीं मुठभेड़ में मारे गए बदमाश रमेश उर्फ नानू के कब्जे से पुलिस ने .32 बोर की एक पिस्टल, पांच कारतूस, चार खोखे और एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने उसके तथा फरार साथियों के खिलाफ मुठभेड़ के संबंध में तीन मुकदमे दर्ज किए हैं।