मुजफ्फरनगर। जेल से डीएनए टेस्ट कराने के लिए लाया गया विचाराधीन बंदी विशाल पुलिसकर्मियों को चकमा देकर जिला अस्पताल से फरार हो गया। उसे पुलिस ने गत छह अगस्त को एक किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पांच अगस्त को मोहल्ला तुुलसीनगर निवासी विशाल के खिलाफ अपनी बेटी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ दिन पूर्व हाईकोर्ट ने बंदी विशाल का डीएनए टेस्ट कराने के आदेश दिए थे। शनिवार दोपहर नई मंडी थाने के एसआई सुखबीर सिंह और दो सिपाही अमरजीत व जोगेंद्र जेल से विचाराधीन बंदी को डीएनए टेस्ट कराने के लिए स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। दरोगा व सिपाही सीएमओ ऑफिस के निकट कागजी कार्रवाई करने लगे। इसी दौरान बंदी विशाल भीड़भाड़ का फायदा उठाकर हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने बंदी का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह व एसपी सिटी ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। ब्यूरो