कवाल गांव का वह मकान, जहां युवक की हत्या की गई।
- फोटो : अमर उजाला
जानसठ के कवाल गांव में दो दिन से लापता किशोर की हत्या कर आरोपियों ने शव अपने घर में ही गाड़ दिया । हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। दो दिन तक चले हंगामे के बाद बुधवार देर रात पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से वारदात का खुलासा कर शव बरामद कर लिया। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण अधिकारियों ने शव का रात में ही पोस्टमार्टम कराया।
बृहस्पतिवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया। भारी फोर्स की मौजूदगी में परिजनों ने शव को सुपुर्दे खाक किया । एसएसपी ने मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर जानसठ को सस्पेंड कर दिया है। गांव में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि दो हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के चर्चित गांव कवाल निवासी शकील का 16 वर्षीय पुत्र इरशाद सोमवार रात को अपने दादा के पास सो रहा था। रात करीब बारह बजे उसके फोन पर कॉल आई तो वह चुपचाप बिना किसी को बताए उठ कर चला गया और फिर लौटकर नहीं आया। मंगलवार शाम तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवा दी। किशोर की बरामदगी को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम भी लगाया था।
मामले के खुलासे के लिए लगाई गई क्राइम ब्रांच टीम ने इरशाद के फोन की अंतिम कॉल गांव के ही श्रीपाल सैनी की लड़की के फोन से आई हुई बताई। अहम सुराग हाथ लगने पर बुधवार रात में ही एसएसपी दीपक कुमार ने फोर्स के साथ खुद दबिश दी। लड़की पक्ष से पूछताछ की और घर के भीतर ही दबाए गए शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने दो हत्यारोपी मनोज पुत्र प्रकाशचंद और पवन पुत्र श्रीपाल को हिरासत में ले लिया।
मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने रात में ही इरशाद के शव का पोस्टमार्टम कराया। कवाल के कारण ही दंगा झेल चुके जिले में प्रशासन फूंक फूंक कर कदम उठा रहा है। रात में ही कई थानों की फोर्स और भारी पीएसी बल गांव में तैनात कर दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने इरशाद के परिजनों को उसका शव मिलने की बात बताई। शव गांव में पहुंचते ही सांप्रदायिक तनाव फैल गया। इसके चलते भारी फोर्स की मौजदूगी में शव को सुपुर्दे खाक किया गया। कप्तान ने मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर जानसठ अजयपाल गौतम को सस्पेंड कर दिया है।