खतौली पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच कर फरवरी में चंदपुरी के गुड़ व्यापारी से हुई पांच लाख की लूट का खुलासा किया है। पकड़े गए बदमाशों से लूटी गई रकम में से 1.2 लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए है। लूट में शामिल रहे दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइंस में प्रेसवार्ता कर बताया कि पमनावली चौकी प्रभारी एसआई आदेश त्यागी पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। फलावदा रोड पर गंगधाडी मोड़ पर तीन बदमाश मिले, रोकने पर पुलिस पर फायर कर भाग खड़े हुए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश अरशद पुत्र अमीरुद्दीन निवासी मौहद्दीनपुर को तमंचे समेत दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी नई आबादी, खतौली निवासी तौसीफ उर्फ तुल्ला पुत्र लाला हनीफ और ताबिश उर्फ हसीन पुत्र नईम अख्तर कुरैशी फरार हो गए। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाश ने अपने उक्त साथियों के साथ मिल कर 19 फरवरी को जंधेडी जाटान के जंगल में चंदपुरी गांव निवासी गुड़ व्यापारी धर्मवीर सिंह से 5 लाख 4 हजार रुपये की लूट करना स्वीकार किया।
यह भी बताया कि इससे पहले उन्होंने 15 फरवरी को गालिबपुर के पास से दो लोगों से बाइक लूटी थी। इसी बाइक से गुड़ व्यापारी को लूटा। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये में से 74700 रुपये उसके घर से बरामद किए। लूटी गई बाइक को पुलिस की चैकिंग के दौरान कुछ दिन बाद नावला मोड़ कर छोड़ कर फरार हो गए थे।
कोल्हू मालिक के बेटे ने कराई थी लूट
एसएसपी ने बताया कि गुड़ व्यापारी धर्मवीर से लूट गालिबपुर निवासी कोल्हू मालिक अनवार के बेटे तालिब ने षड्यंत्र करके इन बदमाशों से कराई थी। धर्मवीर अक्सर उनके कोल्हू से गुड़ खरीदने आता था। वारदात के दिन जब व्यापारी गुड़ खरीद कर चला तो तालिब ने उसकी मुखबिरी की।
रास्ते में अरशद, तौसीफ और ताबिश ने उससे पांच लाख चार हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने गालिबपुर में छापा मार कर षड्यंत्रकारी तालिब को भी गिरफ्तार कर उसके घर से 28 हजार रुपये बरामद किए। उसे लूट की रकम में से 50 हजार की हिस्सेदारी मिली थी। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। एसएसपी ने बताया कि उक्त सभी शातिर बदमाश है। फरार बदमाशों की तलाश जारी है। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह और एसपी देहात विनीत भटनागर भी मौजूद रहे।