बिलासपुर में दो पक्षों में संघर्ष, पथराव
मुजफ्फरनगर। गांव बिलासपुर में मामूली कहासुनी को लेकर सोमवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर संघर्ष व पथराव में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति लहूलुहान हो गया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी चौकीदार शमीम व यामीन पक्ष के बीच सोमवार सुबह किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते हुए गालीगलौज व मारपीट तक जा पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुए, जिसमें धारदार हथियार के साथ ही पथराव भी किया गया। संघर्ष में एक पक्ष से यामीन व दूसरे पक्ष से मोमीन सिर फटने से लहूलुहान हो गए। संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए चौकीदार शमीम समेत दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद घायलों का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई। देर शाम तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हो गया था, जिसमें दो लोग घायल हुए है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।