खतौली (मुजफ्फरनगर)। गाजियाबाद लोनी के शिक्षक असलम की हत्या का खुलासा करने के लिए लोनी और खतौली पुलिस दोनों जुट गई हैं। पुलिस मृतक शिक्षक के मोबाइल की कॉल डिटेल को निकलवा रही है। पुलिस का मानना है कि कॉल डिटेल के जरिए ही हत्या का राज खुल सकता है।
गाजियाबाद के थाना लोनी के 331, मीनाक्षी एनक्लेव अशोक विहार निवासी शिक्षक असलम पुत्र नसीम का शव 30 अप्रैल की रात गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव बुआड़ा कलां के सामने पड़ा मिला था। मृतक के परिजनों ने बताया था कि 30 अप्रैल की सुबह शिक्षक किसान मोटर्स एजेंसी पर दो लाख रुपये जमा करने के लिए घर से निकला था। एजेंसी पर पहुंचने से पूर्व ही वह लापता हो गया था। परिजनों ने असलम का शव मिलने पर पुलिस से दो लाख रुपये लूटकर हत्या करने की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी वाहन से चोटें लगने पुष्टि हुई थी। जिसके बाद से लोनी और खतौली पुलिस शिक्षक की हत्या का खुलासा करने में तेजी से जुट गई है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिक्षक खतौली में कैसे पहुंचा। उसको यहां पर कौन लेकर आया। पुलिस का यह भी मानना है कि दो लाख रुपये नहीं मिलने से आशंका है कि शिक्षक के साथ कुछ न कुछ घटना तो जरूर हुई है। शुक्रवार सुबह मृतक शिक्षक के मामा मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के गांव शेखपुरी निवासी जमील नगर के सपा नेताओं के साथ इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा से मिले। जमील ने इंस्पेक्टर से भांजे की हत्या का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। इंस्पेक्टर का कहना है कि शिक्षक की हत्या के राज का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।