मंदिर परिसर से कीमती सामान चोरी
मीरापुर। कस्बे के सिद्धपीठ योगमाया मंदिर परिसर में लगे चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर चोरों ने चोरी कर लिया। जेई विनीत सैनी ने ट्रांसफार्मर की चोरी की तहरीर थाने में दी है। योगमाया मंदिर परिसर में चार सौ केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाया गया था। इस ट्रांसफार्मर से आसपास के गांव में विद्युत आपूर्ति चल रही थी। शनिवार रात चोरों ने ट्रांसफार्मर खोलकर उसका तेल, तार तथा कीमती उपकरण चोरी कर लिए। जेई विनीत सैनी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर चोरी की तहरीर पुलिस को दी। जेई ने बताया कि चोरी गये सामान की कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
आपत्तिजनक पोस्ट से भाजपाइयों में उबाल
मीरापुर। मौहल्ला तहबलपुरा निवासी एक युवक द्वारा राम मंदिर से संबंधित एक आपत्तिजनक टिप्पणी फेसबुक पर डालने से भाजपा कार्यकर्ता में रोष व्याप्त है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। युवक रिजवान पुत्र इरफान ने अपने फेसबुक पर श्रीराम मंदिर के निर्माण में लगाई जाने वाली ईंटों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया के माध्यम से फैला दी। यह जानकारी मिलने भाजपा व भाजयुमो के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर आरोपी युवक के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। तहरीर देने वालों में मंडल अध्यक्ष प्रदुमन शर्मा, कौकिल काकरान, अनुराग पंवार, कपिल कुमार, शिवम राजवंशी, सतेंद्र गिरी, संजय गिरी, सचिन ठाकुर, अंकित तितौरिया, शिव सैनी आदि शामिल रहे।
सुंदरकांड पाठ का आयोजन
मीरापुर। श्रीराम सुंदर परिवार के 18 वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम संयोजक घनश्याम दास अग्रवाल व कृष्ण मोहन शर्मा ने बताया कि शनिवार रात पंचायती मंदिर में सुंदरकांड पाठ किया गया। रविवार की सुबह सुंदरकांड की चौपाइयों के साथ विशाल हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति दी। इस मौके पर राम अवतार शर्मा, वेदप्रकाश अग्रवाल, संजय शर्मा, रमन रस्तोगी, तेजपाल वर्मा, नितिन शर्मा, पवन कौशिक व कैलाश चंद शर्मा सक्रिय रहे।
ईवीएम और वीवीपैड की दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
मीरापुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को नई ईवीएम व वीवीपैट की जानकारी देने के लिए शिक्षण संस्थाओं में मतदाताओं को प्रशिक्षित कर जागरूक किया गया। प्राइमरी पाठशाला नं एक व श्रीरामलीला भवन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के मतदाताओं को बुलाया गया। ईवीएम व वीवीपैट का प्रशिक्षण देने के लिए आए ट्रेनर अजय कुमार सागर व सेक्टर मजिस्ट्रेट विजय सिंह चौहान ने मतदाताओं को दोनों मशीनों से मतदान करने की प्रक्रिया समझाई। बताया कि ईवीएम के साथ वीवीपैट के माध्यम से मतदाता को अपने मतदान की पूर्ण जानकारी भी मिलेगी। इन इलेक्ट्रानिक मशीनों के माध्यम से मतदान में कोई हेराफेरी संभव नहीं है। प्रत्येक मतदाता को अपनी इच्छानुसार अपने प्रत्याशी को मत देने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण में दोनों मशीनों के संकेतों व बटनों के संचालन के माध्यम से संपन्न होने वाले कार्यों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सुपरवाइजर मोहम्म्मद आरिफ, बीएलओ सुभाष सिंह, मोहम्मद ताहिर, एजाज अहमद, अकरम अली, फुरकान, कृष्णा कुमारी, देवेंद्र कुमार, कविता, राजेश, गीता, नैयर सलमानी आदि मौजूद रहे।