वीडियो जारी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
पुरकाजी। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव तुगलकपुर निवासी भीम आर्मी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष टीकम बौद्ध ने रविवार को पुलिस को कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर कराकर तहरीर दी। उसने गांव के ही दो लोगों को नामजद करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति पर अनुचित वीडियो डाउनलोड करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों ने जिले का माहौल खराब करने के प्रयास में ही वीडियो जारी कर शरारत की है।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी अपशब्दों का प्रयोग किया गया है। वीडियो में अनुसूचित और विशेष समुदाय के प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। आरोपियों ने जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश में वीडियो जारी की थी। पुलिस ने तहरीर में नामजद संदीप सिंह तेजावत, अंकुश और एक अज्ञात के विरुद्ध 66 आईटी और एससीएसटी एक्ट और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर अमरदीप लाल का कहना है कि मामला गंभीर है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।