मुठभेड़ में दबोचा दस हजार का इनामी
मीरापुर। कुतुबपुर नहर पुल के निकट शनिवार शाम हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दस हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। बदमाश पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व रुड़की क्षेत्र के थानों में हत्या व लूट समेत संगीन धाराओं में करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
एसओ मनोज चौधरी शनिवार शाम करीब सात बजे टीम के साथ संभलहेड़ा नहर पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक वहां पहुंचे, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। इस पर बदमाश पुुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए नहर पटरी के रास्ते भुम्मा की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भाग निकला। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश इकराम पुत्र अबरार निवासी पुरकाजी के मोहल्ला झोझगान का रहने वाला है, जबकि फरार बदमाश की पहचान आदिल के रूप में हुई है। मौके से एक बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। बदमाश पर खतौली थाने से दस हजार रूपये का इनाम घोषित है, जिस पर हत्या व लूट समेत संगीन धाराओं के करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।