बाप-बेटे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने कस्बा निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर बाप-बेटे के विरुद्ध जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार रात कस्बे के मोहल्ला झोझगान में जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया था, जिसमें महिला अजीब पत्नी रहीस घायल हो गई थी। पुलिस ने बुधवार को घायल महिला के पति रहीस पुत्र नशरत की तहरीर पर उसके भाई नफीस व उसके बेटे नवाजिश के विरुद्ध घर में घुसकर जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने ग्राम शेरपुर बिजली घर के जेई राधा सिंह की तहरीर पर बुधवार को ग्राम बढ़ीवाला निवासी गुरुनाम पुत्र केहर सिंह, राणा पुत्र नेत्रपाल, गगनदीप पुत्र हरजिंद्र, जसविंद्र पुत्र दर्शन के विरुद्ध बिजली चोरी की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बैंक हड़ताल के चलते ग्राहक रहे परेशान
पुरकाजी। देशव्यापी बैंक हड़ताल के चलते बुधवार को कस्बे के बैंक बंद रहने से ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पडा। उन्हें परिचित लोगों से लेनदेन कर जरूरी काम निपटाने पडे। इसके अलावा कुछ एटीएम धारक ग्राहकों ने एटीएम से पैसा निकालकर अपनी जरूरतें पूरी की। इस मौके पर अर्जुन गुप्ता, गोल्डी राठी, इरशाद फरीदी, अकील खान, गोपाल कोरी, शंकर लाल गोयल, मणी कांत गोयल आदि ग्राहकों ने बताया कि बैंक बंद होने से पैसे का इंतजाम नहीं होने से काफी परेशानियां हुईं।
रोजेदारों को मिलेगा ठंडा पानी
पुरकाजी। नगर पंचायत कार्यालय द्वारा रमजान माह के चलते रोजेदारों को ठंडा पानी दिया जाएगा। दिन में कस्बे में जगह जगह पर पानी के टैंकर खडे़ कराए जाएंगे। कई जगहों पर नल भी कस्बे में लगवाए जाएंगे। इस की जानकारी देते हुए नगर चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि बृहस्पतिवार सांय से कस्बे के मोहल्ला तुर्किस्तान, पीरपुरा, जाटान, धोबियों वाली मस्जिद व कुरैशियों वाले कुएं, गुली, मियां तारिक वाली कालोनी आदि में टैंकर द्वारा ठंडा पानी ले जाकर गरीब तबके के रोजेदारों में बांटा जाएगा। इसके अलावा बृहस्पतिवार से राहगीरों के लिए कस्बे के लक्सर बस स्टैंड, खादर तिराहा ,रोडवेज बस स्टैंड आदि पर दिन में 11 बजे से 4 बजे तक पानी के टैंकर खडे़ करवाने के अलावा कस्बे में मुख्य जगहों पर नल भी लगवाए जा रहे हैं।