युवती ने की आत्महत्या की
मीरापुर। रामराज थाने के एक गांव में 20 साल की युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों नें बिना पुलिस को सूचना दिए ही युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि युवती कुछ समय से तनाव ग्रस्त थी। परेशान युवती ने शनिवार को जहर खा लिया था। परिजनों ने डॉक्टर के यहां भर्ती करा कर उपचार भी कराया, लेकिन युवती कों बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी होने से इंकार किया है।
लापता विवाहिता लौटी
मीरापुर। गांव भुम्मा सं मीरापुर दवाई लेने आई लापता विवाहित युवती तीन दिन बाद लौट आई। पुलिस ने पूछताछ कर युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया। कुछ समय पूर्व भुम्मा की एक विवाहित युवती यहां अपने मायके आई थी। 14 नवंबर को वह दवाई लेने के लिए मीरापुर आई थी, लेकिन गांव नहीं लौटी थी। पीड़ित पिता ने अपनी बेटी की गुमशुदगी थाने में दर्ज करायी थी। युवती के सकुशल वापस आने पर परिजनों व पुलिस ने राहत की सांस ली।
डांसिंग स्टार के लिए हुआ ऑडिशन
मीरापुर। सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या शैली गांधी ने बताया कि डांसिंग स्टार- 2018 के लिए रविवार से ऑडिशन प्रारंभ हो गए हैं। ऑडिशन में काफी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में तीन वर्ष के बच्चों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच के माध्यम से निखारने का प्रयास किया जाएगा। आडिशन लेने के लिये मेरठ से विशेषज्ञ बुलाए गए थे।
मजदूरी मांगने पर हमला किया
मीरापुर। मोहल्ला पंसारटा में मजदूरी के रुपये मांगने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल युवक शेरखान की मां रुखसाना ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले का एक व्यक्ति उसके बेटे को मजदूरी पर अपने साथ काम करने के लिए ले जाता रहा। इस दौरान करीब 45 हजार रुपये आरोपी मिस्त्री पर चढ़ गए। रुपये मांगने पर आरोपी मिस्त्री ने उसके बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आग लगने से दस बीघा गन्ना जला
मीरापुर। भूम्मा निवासी किसान राजेंद्र सिंह पुत्र रामसिंह के दस बीघा गन्ने के खेत में दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर काफी किसान मौके पर पहुंचे और मिट़्टी पानी डाल कर आग पर काबू पाया। किसान का आरोप है कि किसी ने जानबूझ कर खेत में आग लगाई है। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
महिला से मारपीट की
मीरापुर। गांव मुकक्लमपुरा में मकान बना रही एक महिला को तीन लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। घायल महिला मुनेश पत्नी राजेंद्व ने थाने में तहरीर देकर तीनों आरोपियों कें विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।