मुजफ्फरनगर। जेल में बंदी से मिलने जा रहे युवक को जेल कर्मियों ने तलाशी के दौरान मोबाइल व नशे की गोलियों के साथ रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी को पुलिस के हवाले कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
शहर के मोहल्ला जनकपुरी निवासी मनीष पुत्र रमेश पाल शुक्रवार दोपहर जेल में बंद गांव लिसाढ़ निवासी आबिद उर्फ काला से मिलाई करने के लिए पहुंचा था। पर्ची बनवाने के बाद जब वह जेल में गेट नंबर दो पर पहुंचा तो वहां तैनात जेल वार्डन गोकुलचंद गौतम ने उसके सामान की तलाशी ली। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि इस दौरान जेल वार्डन को मनीष के पास मौजूद नमकीन के पैकेट के साथ ही उसकी चप्पलों पर भी शक हो गया, जिनमें ब्लेड जैसी धारदार चीज से कट लगा था। इस पर सघन जांच की गई तो आरोपी की चप्पल से काले रंग का मोबाइल बरामद किया गया, जिसे बड़ी सफाई के साथ चप्पल के तले में कट लगाकर अंदर छिपाया गया था। वहीं, नमकीन के पैकेट से नशे की गोलियां बरामद की गईं। यह देख आरोपी मनीष को मौके पर ही पकड़ लिया गया। जेलर कमलेश सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी मनीष को नई मंडी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।