सरसावा (सहारनपुर)। नकुड़ रोड पर ग्राम अहमदपुर के निकट से एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने कुतुबपुर और वाजिदपुर के बीच घेर लिया। जहां पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। बदमाश के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल एवं लूट में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, तमंचा एवं लूटा गया पर्स बरामद कर लिया। जबकि बदमाशों की गोली सरसावा थाना प्रभारी के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार रात लगभग 12 बजे ग्राम शेखपुरा निवासी किले सिंह (50 वर्ष) मोटरसाइकिल से सरसावा से अपने गांव जा रहा था। जब वह नकुड़ रोड पर ग्राम अहमदपुर के समीप पहुंचा तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और तमंचे से आतंकित कर उसे रोक लिया। उसकी मोटरसाइकिल एवं पर्स लूट लिया तथा फरार हो गए। किले सिंह ने लूट की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और लगभग साढ़े 12 बजे बदमाशों को ग्राम कुतुबपुर एवं वाजिदपुर के बीच जंगल में घेेेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली सरसावा थाना प्रभारी सुदेश कुमार के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। उसके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, लूट में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, तमंचा, लूटा गया पर्स, नकदी एवं आधार कार्ड बरामद कर लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। सरसावा थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश अहसान उर्फ घोड़ा निवासी एकता कालोनी थाना कुतुबशेर है, जबकि फरार हुआ उसका साथी आसिफ उर्फ पाल्ली निवासी ढोलीखाल थाना कुतुबशेर है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।
आठ मामले दर्ज हैं घोड़ा पर
एसओ सरसावा सुदेश कुमार ने बताया कि पकड़े आरोपी अहसान उर्फ घोड़ा पर आठ मामले दर्ज हैं। जिनमें लूट, हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र समेत कई मामले हैं। ये मामले कुतुबशेर, मंडी कोतवाली तथा सेंदनगर देहरादून में दर्ज हैं।