मुजफ्फरनगर। मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर दो पक्ष कहासुनी के बाद मारपीट गई। जिसमें कई लोग घायल हुए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी विनोद उर्फ मुकेश के घर में उसके बेटे की शादी है। शुक्रवार रात परिजनों ने शादी की खुशी में डीजे लगाया हुआ था, जिस पर मेहमान डांस कर रहे थे। रात मोहल्ले के ही ओमपाल पक्ष ने डीजे बजाने का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए भीड़ को खदेड़कर डीजे बंद कराकर स्थिति पर काबू किया। मौके से एक पक्ष से अंकित और दूसरे पक्ष से ओमपाल को हिरासत में ले लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। मामले में पुलिस एक पक्ष के विनोद, अंकित, रवि, अंकुर व प्रदीप और दूसरे पक्ष से ओमपाल, अरुण, शुभम, राहुल व पोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।