छात्रों में मारपीट, एक छात्र को पकड़ा
भोपा। छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर छात्रों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक छात्र मारपीट के डर से एक मकान में जा घुसा। बस स्टैंड पर हो रहे हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मकान में घुस छात्र को पकड़ कर थाने ले गई।
बृहस्पतिवार को कुछ छात्र व छात्राएं मुजफ्फरनगर से परीक्षा देने के बाद लौट रहे थे। इसी बीच बस में सवार कुछ छात्रों ने एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। इसका विरोध बस में सवार छात्रा के भाई ने किया। गालीगलौज के बाद छात्रा के भाई ने इसकी सूचना परिजनों को दी, तो लोग कस्बे के बस स्टैंड पर आकर खड़े हो गए। जैसे ही बस से छात्र उतर रहे थे तो छात्रा के परिजनों ने उन तीन छात्रों को दबोच लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट प्रारंभ हो गई। छेड़खानी करने वाले तीनों छात्र मौका देखकर फरार हो गए, जिनमें से एक छात्र बचाव के लिए पेट्रोल पंप के पीछे वाली बस्ती में एक मकान में घुस गया और अंदर की कुंडी लगा ली। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और कमरे में बंद छात्र को थाने े गई। दोनों पक्षों के लोग भी थाने पहुंच गए तथा एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे। इसी बीच जिम्मेदार लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया और समझदारी का परिचय देते हुए दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। मामला दोनों पक्षों की सहमति से निपटा दिया गया है।
प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया
भोपा। गांव सीकरी में दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर प्रशासन का चाबुक चला। चकरोड में खड़े पेड़ और फसल को कटवाया गया। कासमपुरा में भी अतिक्रम हटवाया गया।
बुधवार को एसडीएम जानसठ गजल भारद्वाज ने थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में पहुंचकर अवैध कब्जों की जानकारी ली तो चकरोड सहित स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली। एसडीएम ने तहसीलदार सहित कानूनगो व कई लेखपालों की टीम कब्जा हटवाने के लिए लगाई थी, जिसमें टीम ने दूसरे दिन भी कार्य जारी रखा। कानूनगो ओपी चौहान व क्षेत्रीय लेखपाल नवीन गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को चकरोड के रकबे में खड़े पेड़ व फसल को कटवाया गया है। दूसरी ओर, कासमपुरा निवासी चरण सिंह नायक ने तहसील दिवस में शिकायत की थी कि गांव के स्कूल व मंदिर के साथ ही गांव की आबादी में फैली गंदगी व अतिक्रमण को भी हटवाया जाए।