मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित एसडी मैनेजमेंट के गेट पर छोटी दीवाली के दिन कृष्णापुरी निवासी युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया गया है। आरोपी ने महज गाली-गलौज में युवक को गोली मारने की बात स्वीकार की है
नई मंडी कोतवाली में बुधवार दोपहर प्रेसवार्ता मेें सीओ मंडी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी ऋषभ (22) पुत्र सोनू छोटी दीवाली की रात चचेरे भाई शिवम व दोस्त मधुर के साथ बाइक पर विश्वकर्मा चौक गया था। वहां से लौटते समय एसडी मैनेजमेंट के गेट पर उनकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। इस पर वे वहीं रुककर बातें करने लगे। इसी दौरान कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड अमरजीत निवासी बचन सिंह कॉलोनी ने कहासुनी होने पर युवकों पर तमंचे से फायर कर दिया था। गोली गर्दन में लगने से ऋषभ की मौत हो गई थी। शिवम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गार्ड अमरजीत के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार देर रात पुलिस ने आरोपी अमरजीत को जानसठ पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया, जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी गार्ड ने गाली-गलौज किए जाने के चलते गुस्से में आकर ऋषभ को गोली मारने की जानकारी दी है, जिससे उसकी जान चली गई। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
चोरी की बाइक व तमंचे के साथ दबोचा युवक
मुजफ्फरनगर। सीओ नई मंडी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान बागोवाली बाईपास पर संदिग्ध युवक को पकड़ा था। युवक से बाइक के कागजात मांगे गए तो वह आनाकानी करने लगा। इस पर उसकी तलाशी ली गई तो तमंचा-कारतूस बरामद किए गए, जिस पर उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के पास से मिली बाइक भी चोरी की पाई गई है, जिसे रुड़की से चोरी कर लाया गया था। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।