मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस चौकी पर वकील से मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर अधिवक्ताओं ने एसएसपी से मिलकर नाराजगी जताई। इसके बाद सीओ सिटी के आदेश पर कोतवाली थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, तब जाकर अधिवक्ता शांत हो सके हैं।
थाना कोतवाली के गांव रुकनपुर में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था। गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों में बुढ़ाना मोड़ पुलिस चौकी पर 28 दिसंबर को समझौता करा दिया। इस फैसले में अधिवक्ता विजय भी आया था। आरोप है कि फैसले के बाद चौकी पर तैनात सिपाही प्रमोद ने अधिवक्ता विजय से फैसले के नाम पर दस हजार रुपये की मांग की थी। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि प्रमोद ने विजय के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। बुधवार को अधिवक्ताओं ने एसएसपी से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सीओ सिटी से प्रकरण में कार्रवाई की जानकारी ली। इसके बाद सीओ सिटी हरीश भदौरिया के आदेश पर कोतवाली थाने में आरोपी सिपाही प्रमोद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।