रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी के श्री प्राणनाथ इंटर कालेज में बुधवार रात अभिलेखों के साथ हेराफेरी के मामले को लेकर लिपिक की ओर से प्रबंधक सहित एक अन्य को नामजद करते हए चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
कालेज के अंशकालिक लिपिक राजेंद्र सिंह पुत्र रामसहाय निवासी खेड़ा, थाना सरधना, मेरठ ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार रात को वे कालेज के ऑफिस में तीन अध्यापक गुलाब सिंह, अरुण कुमार और सतीश कुमार के साथ मिलकर उपस्थिति रजिस्टरों में कार्य कर रहे थे। तभी कालेज प्रबंधक योगेंद्र सिंह पुत्र भंवर सिंह व अमरीश कुमार पुत्र ओमपाल सिंह अपने साथ तीन चार अन्य लोगों के साथ आफिस में आए और उनके साथ गाली गलौज की। उक्त मामले में एसएसपी ने रतनपुरी पुलिस को तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश जारी किए। प्रबंधक योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने कालेज की प्रधानाध्यापिका मंजू सिसौदिया के विरुद्ध शासनादेश का उल्लंघन करते हुए कक्षा 6 से लेकर कक्षा 8 तक के बच्चों से फीस वसूलने की शिकायत डीएम से की थी। जिसमें डीएम ने एसडीएम खतौली को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए थे। शुक्रवार को इस मामले ने नया मोड़ ले लिया और लिपिक राजेंद्र सिंह ने प्रबंधक योगेंद्र सिंह, अमरीश कुमार और तीन चार अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करा दिया।