पुरकाजी। तीन दिन पूर्व हुए चकरोड के विवाद में फायरिंग की घटना में आरोपी पक्ष की तरफ से क्रॉस केस दर्ज करने के विरोध में घायल युवक के परिजनों ने थाने का घेराव कर पुलिस पर आरोपी पक्ष से साठगांठ करने का आरोप लगाया।
सात फरवरी को थाना क्षेत्र के ग्राम हरेंटी में सरकारी चकरोड को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में दूसरे पक्ष का युवक मोहित सैनी छर्रे लगने से घायल हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को घायल पक्ष के परिजनों ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव कर पुलिस पर आरोपी पक्ष से साठगांठ कर क्रॉस केस दर्ज करने का आरोप लगाकर विरोध जताया। इस दौरान सैनी समाज की जिलाध्यक्ष शालू सैनी, सुरेंद्र, गोपाल, विपिन, मानसिंह, केशो, सोनू, राजू, बिट्टू, कमलेश, रविता, जसवती, वीरमती, सहेंद्री, जगवती आदि मौजूद रहे।
मैनेजर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया
पुरकाजी। कस्बे की स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा के मैनेजर द्वारा दुर्व्यवहार करने से खफा नगर पंचायत चेयरमैन ने मैनेजर को पत्र भेजकर पंचायत कार्यालय के खाते बंद कराने के लिए कहा है। चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय के पांच खाते पुरकाजी स्टेट बैंक में चल रहे हैं, जिसमें कार्यालय द्वारा भुगतान और अन्य कामों के लिए जो चेक दिए जाते हैं, उनमें बैंक मैनेजर द्वारा चेक धारकों को दुर्व्यवहार कर परेशान किया जा रहा है।